कोरबा जिले की ग्राम पंचायत पसान बस्ती में शनिवार रात एक दंतैल हाथी के घुसने से हड़कंप मच गया। हाथी ने करीब तीन घंटे तक बस्ती में उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान हाथी ने घरों की दीवारों, लोहे के शटर, एक कार, बाइक और फसलों को नुकसान पहुंचाया। डर के मारे लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों की छतों पर चढ़ गए।
वार्ड नंबर 08 में भारी नुकसान
पसान के वार्ड नंबर 08 में एक पंच की कार को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद एक किसान के घर के बाहर खड़ी बाइक भी हाथी की चपेट में आकर नष्ट हो गई। इसके अलावा, एक हॉस्पिटल स्टाफ नर्स की आटा चक्की की दुकान का शटर तोड़कर हाथी ने अंदर रखा धान खा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही हाथी बस्ती में घुसा, उसकी दहाड़ से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों और वन विभाग का प्रयास
हाथी को भगाने के लिए ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर प्रयास किया। इस दौरान हाथी ने दहाड़ते हुए ग्रामीणों को दौड़ाया, जिससे कई लोग बाल-बाल बचे। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी ने न केवल उनके घरों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि खेतों में फसलों को भी तहस-नहस कर दिया।
वन विभाग का बयान
पसान के डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी ने बताया कि शनिवार रात पसान क्षेत्र में विचरण कर रहा दंतैल हाथी बस्ती में घुस गया था। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ आटा चक्की के शटर को कुछ नुकसान हुआ है और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
दहशत में रातभर जागे ग्रामीण
इस घटना के बाद पसान बस्ती में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहे। क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
