तिलकेजा गांव में 55 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

कोरबा ।जिले के उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा गांव में एक दुखद घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। बठहाखार के पास रहने वाले 55 वर्षीय हरियल राम सोनवानी ने शनिवार सुबह फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और फांसी पर लटकते हुए हरियल राम को देखकर स्तब्ध रह गए। परिजनों ने तुरंत उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मृतक के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि इस कदम के पीछे की वजह का खुलासा हो सके।

इस घटना से तिलकेजा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण आपस में चर्चा कर रहे हैं कि आखिर किस परिस्थिति ने हरियल राम को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही तथ्यों को स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है।