कोरबा जेल ब्रेक का चौथा फरार आरोपी चंद्रशेखर राठिया हाटी से गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिला जेल से फरार हुए चौथे आरोपी चंद्रशेखर राठिया को कोरबा पुलिस ने रायगढ़ के हाटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। 2 अगस्त 2025 को जिला जेल कोरबा से चार विचाराधीन बंदी राजा कंवर, दशरथ सिदार, सरना सिंकू और चंद्रशेखर राठिया जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 466/25, धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि चंद्रशेखर राठिया हाटी, रायगढ़ में छिपा हुआ है। थाना प्रभारी बालकोनगर निरीक्षक अभिनव कांत और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हाटी से धर दबोचा। पूछताछ में चंद्रशेखर ने बताया कि जेल ब्रेक के बाद वह ट्रकों के जरिए बनारस भाग गया था और 13 सितंबर 2025 को हाटी लौटा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले,अन्य तीन आरोपियों राजा कंवर, सरना सिंकू और दशरथ सिदार को पुलिस ने रायगढ़ और कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोरबा पुलिस अधीक्षक ने जेल ब्रेक के फरार आरोपियों की सूचना देने और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई से जेल ब्रेक मामले में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है।