कोल इंडिया कर्मचारियों को बोनस की सौगात: 22 सितंबर को दिल्ली में स्टैंडराइजेशन कमेटी की बैठक

कोरबा। कोल इंडिया में कोयला कर्मचारियों के लिए त्योहारी बोनस को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। कोल इंडिया प्रबंधन ने बोनस पर चर्चा के लिए स्टैंडराइजेशन कमेटी की बैठक की तारीख तय कर दी है। यह बैठक 22 सितंबर 2025 को नई दिल्ली में सुबह 11 बजे होगी। संयोग से इसी दिन नवरात्रि और दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत हो रही है, जिससे कर्मचारियों में उम्मीद बढ़ गई है कि उन्हें पहले ही दिन बोनस की बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।

कोल इंडिया के कार्यकारी निदेशक (एचआर) गौतम बनर्जी ने इस संबंध में सर्कुलर जारी कर यूनियन प्रतिनिधियों को सूचित कर दिया है। बैठक में कोल इंडिया के चेयरमैन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से और निदेशक (वित्त) व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। ट्रेड यूनियनों ने भी इस बैठक के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इस बार ज्यादा बोनस की उम्मीद

कोल इंडिया और इसकी सहायक कंपनियों, जैसे एसईसीएल, में लगभग 2 लाख 20 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में कोल इंडिया ने अच्छा मुनाफा कमाया है, जिसके चलते कर्मचारियों को इस बार ज्यादा बोनस मिलने की उम्मीद है। पिछले साल कर्मचारियों को 93,750 रुपये का बोनस मिला था, लेकिन इस बार कर्मचारी 1 लाख रुपये से अधिक की उम्मीद कर रहे हैं। बीएमएस कोल क्षेत्र के राष्ट्रीय प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी ने कहा, “पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कोल इंडिया बेहतर मुनाफे में है। हम कर्मचारियों के लिए अधिकतम बोनस सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करेंगे।”

नवरात्रि से पहले बोनस की घोषणा को लेकर कर्मचारियों में उत्साह है। यह बैठक कोयला कर्मचारियों के लिए त्योहारी सीजन में आर्थिक राहत और खुशी का सबब बन सकती है।