कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम उतरता में शनिवार को एक दुखद घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। खेत में काम कर रहे दंपति पर आकाशीय बिजली गिरने से पति प्रवीण कुमार मरावी (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पांच माह की गर्भवती पत्नी कीर्ति मरावी (22) गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा लौतना पारा बस्ती में दोपहर के समय हुआ, जब दोनों खेत में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान एक भीषण आकाशीय बिजली दंपति पर गिरी, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गए। प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कीर्ति लगभग एक घंटे तक बेहोश रहीं। होश में आने के बाद उन्होंने अपने ससुर को फोन कर घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। कीर्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मृतक के परिजन संजय कुमार ने बताया कि प्रवीण और कीर्ति की शादी को अभी एक साल ही हुआ था और दोनों अपने पहले बच्चे के आने की खुशी में थे। घर में खुशहाल माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ छीन लिया। गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह घटना प्राकृतिक आपदा की भयावहता को दर्शाती है, जिसने एक खुशहाल परिवार को पलभर में बिखेर दिया। स्थानीय प्रशासन ने घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। मौसम विभाग ने भी कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी है, जिसके मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















