आकाशीय बिजली से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उड़ानें बाधित, फ्लाइट्स डायवर्ट, सांसद और IAS सहित यात्री प्रभावित

रायपुर। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से नेविगेशन उपकरण खराब हो गए, जिसके कारण विमानों का संचालन बाधित हो गया। इस वजह से कोलकाता, हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई और पुणे से आ रही पांच फ्लाइट्स को भुवनेश्वर, भोपाल और नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को विजिबिलिटी क्लियर होने के बाद ये फ्लाइट्स रायपुर पहुंचेंगी।

जानकारी के मुताबिक, बिजली गिरने से लैंडिंग के लिए महत्वपूर्ण नेविगेशन उपकरण प्रभावित हुए, जिसके कारण शाम 7:30 बजे से उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में 170 यात्री सवार थे, जिनमें दुर्ग सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणी बोरा भी शामिल थे। इस फ्लाइट को भोपाल से दिल्ली भेजा गया।

मौसम विज्ञानी डॉ. गायत्री वाणी ने बताया कि दिन में 12 बजे और शाम 5 बजे एयरोड्रम चेतावनी जारी की गई थी, जिसमें एयरपोर्ट और आसपास के 150 नॉटिकल मील क्षेत्र में बिजली गिरने का खतरा बताया गया था। इस चेतावनी के तहत विमानों का संचालन खतरनाक माना गया।

एयरपोर्ट निदेशक केके लहरे ने कहा, “बिजली गिरने से नेविगेशनल उपकरण खराब हो गया था और तकनीकी टीम सुधार में जुटी है। इस वजह से विमानों का संचालन बंद है।”