मानसिक बीमारी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच शुरू

कोरबा। कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पखनापारा निवासी रेशम लाल यादव (45 वर्ष) ने मानसिक बीमारी के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के मुताबिक, रेशम लाल यादव 9 सितंबर को बिना बताए घर से निकल गया था। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन, 10 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे, उसकी पत्नी सोमवारी बाई ने लहुट खार में अकली कंवर के खेत में परसा पेड़ पर रेशम लाल को गमछे से बने फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई।

रेशम लाल पिछले 10 वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका घरेलू स्तर पर इलाज भी चल रहा था। मानसिक परेशानी के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।