बुधवारी बाजार पार्किंग में मारपीट और पेचकस से हमला, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच शुरू

कोरबा। कोरबा जिले के बुधवारी बाजार के सामने बने पार्किंग क्षेत्र में दो पक्षों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के युवक ने गुस्से में आकर पेचकस से हमला कर दिया, जिससे दूसरे पक्ष के युवक को चोटें आईं।

घटना ने बाजार में अफरा-तफरी मचा दी, जिसके कारण खरीदारी कर रहे लोग और राहगीर मौके से भागने लगे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस झगड़े का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो के आधार पर कोरबा पुलिस ने अज्ञात दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।