RKTC ट्रांसपोर्ट कंपनी के इंचार्ज पर कर्मचारी की मौत के मामले में अपराध दर्ज

कोरबा, 11 सितंबर 2025: कोरबा की RKTC ट्रांसपोर्ट कंपनी के मेकनिकल इंचार्ज सुमेर सिंह राणा के खिलाफ कर्मचारी की मौत के मामले में धारा 106 BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कंपनी में अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण हुई एक दुर्घटना के बाद की गई, जिसमें कर्मचारी दिनेश कुमार बरेठ की मौत हो गई थी।

जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार बरेठ (37 वर्ष), निवासी ग्राम कोनारगढ़, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर चाम्पा, 12 मई 2025 को RKTC कंपनी में हाईवा की वेल्डिंग कर रहे थे। इस दौरान हाईवा के डीजल टैंक में ब्लास्ट होने से आग लग गई, जिसमें दिनेश बुरी तरह झुलस गए। उन्हें भिलाई के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 मई 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।

भिलाई थाने से मर्ग डायरी प्राप्त होने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच में पाया गया कि घटना के दिन कंपनी में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।

पुलिस ने ASI रामकृष्ण की रिपोर्ट के आधार पर मेकनिकल इंचार्ज सुमेर सिंह राणा, पिता यादराम राणा, के खिलाफ धारा 106 BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।