सांसद संतोष पांडे बोले- नेपाल की घटना महज संयोग नहीं, भाजपा ही करती है आदिवासियों का सम्मान

कोरबा। राजनांदगांव के भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संतोष पांडे ने कोरबा प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल भारत में बल्कि पूरे दक्षिण एशिया क्षेत्र में स्थिरता, लोकतंत्र और विकास की पक्षधर है। नेपाल में हालिया घटनाक्रम केवल संयोग नहीं है और हम इसे गंभीरता से ले रहे है। क्योंकि भारत का पड़ोसी देश है।

कोरबा में सांसद पाण्डेय ने मीडिया से बातचीत में मुख्य रूप से नेपाल के घटनाक्रम पर चिंता जताई। उन्होंने नेपाल में हाल ही में हुई तख्तापलट जैसी राजनीतिक उथल-पुथल पर भी सांसद ने गंभीर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ शक्तियां सक्रिय हैं जो दक्षिण एशिया के छोटे-छोटे देशों में अस्थिरता फैलाना चाहती हैं। उनका उद्देश्य अपने स्वार्थ सिद्ध करना है।

संतोष पांडे ने कहा कि नेपाल जैसे पड़ोसी देश की राजनीतिक अस्थिरता का सीधा असर भारत पर भी पड़ता है, इसलिए इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। इसके पीछे किस प्रकार के बिन्दु हो सकते हैं और इसके मूल में कौन-कौन शामिल है यह भी अध्ययन के साथ अनुसंधान का विषय है। उनका कहना था कि यह बात सही है कि पिछले 17 वर्ष में नेपाल में अस्थितरता जैसी स्थिति कई बार बनी लेकिन तब और अब में बुनियादी अंतर बहुत ज्यादा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी पार्टियां इस मुद्दे की गंभीरता को समझने के बजाय केवल सत्ता के लिए राजनीति करती हैं।

सांसद पाण्डेय ने एक सवाल के जवाब में यह भी कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी के बाद से अब तक आदिवासी समाज को कभी वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे। इसके विपरीत भाजपा ने हमेशा आदिवासियों को देश की मुख्यधारा से जोडऩे और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है।

यही वजह है कि आज आदिवासी समाज भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है। सांसद पांडे ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक कलह लगातार बढ़ रही है। सत्ता से दूर होने के बाद से कांग्रेस नेतृत्व खोखला साबित हो रहा है और आपसी खींचतान ने पार्टी की साख को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है।