महिला थाना के बाहर महिला ने खुद को लगाई आग, पति से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महिला थाना के बाहर एक महिला ने खुद को आग लगा ली। जानकारी के अनुसार, वर्षा गोस्वामी नामक महिला ने अपने पति से चल रहे विवाद के कारण यह आत्मघाती कदम उठाया। बताया जा रहा है कि थाना में कार्रवाई न होने से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया।

घटना के समय महिला ज्वलनशील पदार्थ लेकर थाने पहुंची थी। इसके बाद उसने खुद को आग लगाकर थाना परिसर में प्रवेश कर लिया। उस समय थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर माना में धरना प्रदर्शन की ड्यूटी पर थीं, जिसके कारण थाने में पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं था। आग से झुलसी महिला को तत्काल डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर महिला को इस हद तक जाने के लिए क्या मजबूर किया। इस घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।