कोरबा।करतला ब्लॉक के ग्राम पठियापाली के प्राथमिक शाला में लंबे समय से चली आ रही शिक्षक की कमी अब युक्तियुक्तकरण नीति के तहत दूर हो गई है। पहले इस स्कूल में केवल एक शिक्षक होने के कारण बच्चों की पढ़ाई में कई समस्याएं आती थीं, लेकिन अब नई शिक्षिका की नियुक्ति के बाद शैक्षणिक स्थिति में सुधार हुआ है। विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं लग रही हैं, और बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ा है।
एकल शिक्षकीय स्कूल की थी समस्या
पठियापाली प्राथमिक शाला में कुल 32 विद्यार्थी पढ़ते हैं, जिनमें ज्यादातर अनुसूचित जनजाति परिवारों से हैं। पहले केवल एक शिक्षक होने के कारण सभी कक्षाओं को एक साथ पढ़ाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती थी। कई बार एक कक्षा की पढ़ाई होने पर दूसरी कक्षा के बच्चे खाली बैठे रहते थे। विद्यालय के प्रधानपाठक श्री जवाहर सिंह ने बताया कि युक्तियुक्तकरण के तहत शिक्षिका सविता पैंकरा की नियुक्ति के बाद यह समस्या खत्म हो गई है। अब बच्चों की कक्षाएं नियमित और सुचारु रूप से चल रही हैं।
नई शिक्षिका ने बदला स्कूल का माहौल
नई शिक्षिका सविता पैंकरा ने अपनी रोचक और मनोरंजक शिक्षण शैली से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि जगाई है। कक्षा पांचवीं के छात्र रुद्र प्रताप सिंह, कक्षा चौथी की अनुष्का और कक्षा पांचवीं की सौम्या कँवर ने बताया कि नई मैडम हिंदी और अंग्रेजी वर्णमाला, जोड़-घटाव, और पहाड़े को खेल-खेल में आसान और मजेदार तरीके से सिखाती हैं। इसके अलावा, वे नैतिक शिक्षा भी दे रही हैं, जिससे बच्चों की स्कूल में उपस्थिति में सुधार हुआ है।
अभिभावक और ग्रामीणों में संतुष्टि
नई शिक्षिका की नियुक्ति से अभिभावक और ग्रामीण भी संतुष्ट हैं। वे अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर अब आशान्वित हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू युक्तियुक्तकरण नीति की सराहना की है, जिसके तहत जिले के सैकड़ों स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हुई है।
बच्चों में बढ़ा उत्साह
नई शिक्षिका के आने से बच्चों में स्कूल आने का उत्साह बढ़ा है। उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई में रुचि से स्कूल का शैक्षणिक माहौल बेहतर हुआ है। अभिभावकों का कहना है कि इस बदलाव से उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















