जिंदल स्टील प्लांट की इंजीनियर ने हॉस्टल में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़। जिंदल स्टील प्लांट में इंजीनियर के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय मोनालिसा नायक ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। कोतरा रोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के केन्दुझर जिले की रहने वाली मोनालिसा नायक जिंदल स्टील प्लांट में कुछ समय से इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं। सोमवार दोपहर को वह अपनी एक सहेली के साथ वार्षिक मेडिकल चेकअप के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल गई थीं। अस्पताल से लौटने के बाद वह जिंदल गर्ल्स हॉस्टल में अपने कमरे में चली गईं।

शाम करीब पांच बजे उनकी सहेली ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार आवाज देने और फोन करने पर भी प्रतिक्रिया न मिलने पर सहेली ने हॉस्टल की अन्य लड़कियों को बुलाया और मैनेजर से मास्टर चाबी मंगवाकर दरवाजा खोला। अंदर मोनालिसा का शव पंखे से लटकता हुआ मिला।

हॉस्टल इंचार्ज ने तुरंत कंपनी प्रबंधन और कोतरा रोड थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने जिंदल स्टील प्लांट और हॉस्टल के कर्मचारियों व निवासियों में शोक और सनसनी फैला दी है। पुलिस मोनालिसा के सहकर्मियों, दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल, आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।