कोरबा।जिले के लामपहाड़ गांव में संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा के एक परिवार के घर छट्ठी का कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब एक घरेलू विवाद के दौरान फेंकी गई ईंट से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। साधन न होने के कारण बच्चे को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका, जिससे उसकी जान चली गई। यह दुखद घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर लामपहाड़ के कोरवा मोहल्ले में हुई।
जानकारी के अनुसार, नोहर साय कोरवा के घर दो दिन पहले छट्ठी का आयोजन था। इस कार्यक्रम में गांव के गेदू कोरवा अपनी पत्नी संतोषी कोरवा के साथ शामिल होने पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान गेदू और संतोषी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गेदू ने गुस्से में पास पड़ी एक ईंट उठाकर संतोषी की ओर फेंकी।
दुर्भाग्यवश, ईंट संतोषी को नहीं लगी और पास में खड़े 8 वर्षीय दिनेश कोरवा के माथे पर जा लगी। गंभीर चोट के कारण दिनेश बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। बच्चे को तत्काल इलाज की जरूरत थी, लेकिन गांव में परिवहन साधन न होने के कारण दिनेश के पिता राजपाल कोरवा उसे अस्पताल नहीं ले जा सके। कुछ देर बाद दिनेश ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना अगले दिन राजपाल कोरवा ने लेमरू थाना को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी गेदू कोरवा को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए त्रासदी है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को भी उजागर करती है। लामपहाड़ जैसे दूरस्थ गांवों में परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं का अभाव इस दुखद हादसे का एक बड़ा कारण बना।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं को बेहतर किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















