कोरबा-करतला। कोरबा जिले के करतला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत घिनारा में रविवार शाम सामुदायिक भवन प्रांगण में सरपंच दीनानाथ राठिया की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में ग्रामीणों की सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें अवैध शराब और सामाजिक समस्याओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए कड़े नियम बनाए गए।
अवैध शराब और असामाजिक गतिविधियों पर जुर्माना
ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि घिनारा ग्राम पंचायत में अवैध शराब बनाने और बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब बनाते या बेचते पकड़ा जाता है, तो उस पर 11,000 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके अलावा, सामाजिक कार्यक्रमों में शराब पीकर लड़ाई-झगड़ा या अभद्र व्यवहार करने वालों पर 5,100 रुपये का जुर्माना तय किया गया। साथ ही, गांव में निजी या सामाजिक सामग्री अथवा धन की चोरी करने वालों को भी 5,100 रुपये का दंड भुगतना होगा।
महिला एवं पुरुष समिति का गठन
सभा में सामाजिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए महिला और पुरुष समिति का गठन किया गया। समिति की अध्यक्ष के रूप में श्रीमती जयंती राठिया को चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती दिवाली बाई राठिया, श्रीमती मोगरा बाई राठिया, श्रीमती लक्ष्मिन मंझवार, श्रीमती नीला बाई खड़िया, श्रीमती करम कुंवर राठिया (बैगापारा) सहित अन्य महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। सचिव पद पर श्रीमती सुजीता राठिया, सह-सचिव के रूप में श्रीमती सरस्वती राठिया, श्रीमती रजनी प्रजापति और श्रीमती प्रियंका राठिया को नियुक्त किया गया। कोषाध्यक्ष के रूप में गोपी सिंह राठिया (पंचायत सचिव) और सह-कोषाध्यक्ष के रूप में सुदामा सिंह/भोजसिंह राठिया को चुना गया। समिति के संरक्षक के रूप में गोर्वधन प्रसाद राठिया, छत्रपाल सिंह राठिया और छत्तर सिंह राठिया को जिम्मेदारी दी गई।
नियमों को कड़ाई से लागू करने की सहमति
ग्राम सभा में बनाए गए सभी नियमों और समिति गठन को ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। इन नियमों को कड़ाई से लागू करने के लिए भी सभी ने सहमति जताई। यह कदम गांव में सामाजिक समरसता और अनुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















