कोरबा में उस समय सनसनी फैल गई जब पंप हाउस स्थित SECL आवास क्रमांक 2A-1 में पुलिस अधिकारी नवल साहू के घर में चौथी बार चोरी की वारदात हुई। चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी में रखे चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली और फरार हो गए। इस घटना ने न केवल क्षेत्र में असुरक्षा की भावना को बढ़ाया है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नवल साहू, जो कुछ माह पूर्व तक कोरबा में पदस्थ थे और वर्तमान में राजनांदगांव में तैनात हैं, अपने परिवार के साथ इस आवास में समय-समय पर आते रहते हैं। उनकी नौकरानी रामकुमारी बैरेठ ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह साफ-सफाई के लिए घर पहुंची, तो ताला टूटा हुआ था और अलमारी से कीमती सामान गायब था। रामकुमारी के मुताबिक, पिछले कई वर्षों से वह इस घर में काम कर रही हैं और यह चौथी बार है जब चोरी की घटना हुई है। इससे पहले चोर तीन बार घर से स्पोर्ट्स साइकिल चुरा चुके हैं। उन्होंने बताया कि घर के बाहर खड़ी एक्टिवा की चाबी दरवाजे पर टंगी थी, लेकिन चोर उसे नहीं ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच चल रही है। हालांकि, अभी तक चोरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। नौकरानी के अनुसार, चोरी गए सामान की मात्रा और मूल्य का सटीक आकलन नवल साहू के कोरबा आने के बाद ही हो सकेगा। साहू ने फोन पर बताया कि दराज में नकदी और चांदी के जेवर रखे थे, जो अब गायब हैं।
क्षेत्र में दहशत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
लगातार चौथी चोरी की घटना ने परिजनों और आसपास के मोहल्लेवासियों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस घटना ने कोरबा पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
यह घटना कोरबा में हाल के दिनों में SECL कर्मियों और अधिकारियों के घरों में हुई चोरी की कई घटनाओं में से एक है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना और बढ़ गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















