कोरबा।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बद्री अग्रवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अग्रवाल अपने जन्मदिन समारोह के दौरान कार के बोनट पर रखे केक को चाकू की बजाय एक बड़ी तलवार से काटते नजर आ रहे हैं। उनके समर्थक और दोस्त इस दौरान तालियां बजाते और उत्साह दिखाते देखे गए।
यह वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मचा दी है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा एक ओर अनुशासन और कानून-व्यवस्था की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके नेता गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करते हैं। उन्होंने बद्री अग्रवाल के इस कृत्य को समाज में गलत संदेश देने वाला बताया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि इस तरह के कार्य युवाओं को हिंसक प्रवृत्तियों की ओर प्रेरित कर सकते हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान बद्री अग्रवाल के रूप में हुई है। कार के बोनट पर केक रखकर तलवार से काटने की घटना की पुष्टि के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। इस मामले में बीएमएस की धारा के तहत एमबी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब बद्री अग्रवाल विवादों में घिरे हैं। उनके भाई का नाम भी पहले चाकूबाजी के एक मामले में सामने आ चुका है, जिसमें वह जेल जा चुके हैं। इस घटना ने अग्रवाल परिवार के विवादों को फिर से चर्चा में ला दिया है।
भाजपा की चुप्पी
इस मामले पर अभी तक भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। यह देखना बाकी है कि पार्टी अपने युवा नेता के इस कृत्य पर क्या रुख अपनाती है और क्या कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल भाजपा के लिए शर्मिंदगी का कारण बनी है, बल्कि समाज में हथियारों के प्रदर्शन और उनके गलत इस्तेमाल पर भी बहस छेड़ रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

