मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 सितंबर को कोरबा में लेंगे मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक

कलेक्टर ने बैठक की तैयारी की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

कोरबा।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 सितंबर 2025 को कोरबा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण, प्राधिकरण के 51 सदस्य, और 24 विशेष आमंत्रित सदस्य भाग लेंगे। ये सदस्य स्वीकृत कार्यों पर अपने विचार, सुझाव, और शिकायतें प्रस्तुत करेंगे।

मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत कोरबा, गोरेला-पेंड्रा-मरवाही,मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गरियाबंद,धमतरी,महासमुंद,राजनांदगांव,बलौदाबाजार- भाटापारा,सारंगढ़-बिलाईगढ़,बालोद, खैरागढ़-छुईखदान- गंडई, कबीरधाम (कवर्धा), बिलासपुर, रायगढ़, और सक्ती जिले शामिल हैं।

कलेक्टर अजीत वसंत ने बैठक के गरिमामय आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, वीवीआईपी और वीआईपी के ठहरने के लिए विश्राम गृहों की व्यवस्था, विभागीय स्टॉलों के माध्यम से हितग्राहियों की जानकारी, बेरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत, और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर प्रवेश, बैठक कक्ष, वाहन पार्किंग, रोड क्लीयरेंस, और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान आयुक्त नगर निगम कोरबा आशुतोष पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग,अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम निर्बाध और गरिमामय ढंग से संपन्न हो।