पुलिस भर्ती परीक्षा में फिर देरी, टेंडर रद्द होने से युवाओं में निराशा

रायपुर।छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को एक बार फिर झटका लगा है। पुलिस मुख्यालय ने उप निरीक्षक सहित विभिन्न पदों के लिए निकाले गए टेंडर को दूसरी बार रद्द कर दिया है। पिछले वर्ष सितंबर में 341 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे, और भर्ती प्रक्रिया को राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित किया जाना था। लेकिन भर्ती परीक्षा से संबंधित टेंडर को सितंबर 2025 में रद्द कर दिया गया है, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है।

दोबारा टेंडर रद्द, प्रक्रिया में देरी

पुलिस मुख्यालय ने पहली बार टेंडर रद्द करने के बाद 9 अप्रैल 2025 को दोबारा निविदा निकाली थी, लेकिन पांच महीने बाद इसे फिर से रद्द कर दिया गया। अब नया टेंडर निकाले जाने तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकेगी। पिछले साल 23 अगस्त से 21 सितंबर 2024 तक आवेदन स्वीकार किए गए थे, लेकिन टेंडर रद्द होने से शारीरिक नाप-जोख और लिखित परीक्षा की प्रक्रिया भी रुक गई है। टेंडर रद्द करने का कारण पुलिस मुख्यालय ने “अपरिहार्य कारण” बताया है, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

शारीरिक नाप-जोख और लिखित परीक्षा का इंतजार

पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले शारीरिक नाप-जोख होती है, जिसके बाद पात्र अभ्यर्थी प्रारंभिक और मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होते हैं। इसके बाद साक्षात्कार और अन्य चरण पूरे किए जाते हैं। कुछ समय पहले अभ्यर्थियों ने अधिकारियों से मिलकर शारीरिक नाप-जोख और परीक्षा शेड्यूल जारी करने की मांग की थी। अधिकारियों ने बारिश के कारण उपकरण खराब होने की बात कहकर प्रक्रिया को बारिश के बाद शुरू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन टेंडर रद्द होने से अब इस प्रक्रिया पर अनिश्चितता छा गई है।

युवाओं में बढ़ रही निराशा

लगातार टेंडर रद्द होने से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि बार-बार देरी होने से उनकी मेहनत और समय बर्बाद हो रहा है। पुलिस मुख्यालय से स्पष्ट जवाब न मिलने के कारण युवाओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की निगाहें नए टेंडर और भर्ती प्रक्रिया की तारीखों पर टिकी हैं।