महतारी वंदन योजना: CM साय ने 69 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए 647.13 करोड़, आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम

रायपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान किया।

इस दौरान प्रदेश की 69,15,994 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई, जिसके तहत कुल 647.13 करोड़ रुपये का हस्तांतरण हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनकेआत्मसम्मान को सशक्त करने में क्रांतिकारी भूमिका निभा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आर्थिक सहायता न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि परिवारों की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा में भी योगदान देगी।

अब तक इस योजना के तहत औसतन 69,28,334 महिलाओं को 12,376.19 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सम्मान प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना का प्रभाव केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों के जीवन में आशा और प्रेरणा का संचार कर रही है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

राज्य सरकार ने घोषणा की है कि महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण के लिए इस योजना को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आर्थिक मुख्यधारा से जुड़ सकें।