‘आदि कर्मयोगी अभियान’ का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न, मास्टर ट्रेनर्स सम्मानित

कोरबा। कोरबा जिले में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत 03 से 05 सितंबर 2025 तक कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 05 सितंबर को सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कसेर के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

श्री कसेर ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य कोरबा जिले के 479 चिन्हांकित ग्रामों में निवासरत जनजाति समुदाय के समग्र विकास, उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना है।

उन्होंने ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी ट्रेनर्स उत्साहपूर्ण और समर्पित नजर आए। समापन सत्र में ट्रेनर्स ने अभियान के प्रति अपने अनुभव साझा किए और इसे हिस्सा बनने पर गौरव का अनुभव व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र और डिस्ट्रिक्ट मास्टर ट्रेनर्स को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक संवर्ग के प्रशिक्षकों को श्रीफल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।