भादो पूर्णिमा पर होगी भव्य हसदेव महाआरती, नदी संरक्षण का लिया जाएगा संकल्प

कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 6 सितंबर को शाम 5 बजे हसदेव नदी के तट पर भव्य हसदेव महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल, संस्कार भारती छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री हेमन्त माहुलीकर, भारत विकास परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव नरेश कुमार अग्रवाल, महिला पतंजलि योग समिति छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी सुश्री जया मिश्रा और भाजपा की प्रदेश मंत्री सुश्री ऋतु चौरसिया शामिल होंगी।

समिति के प्रमुख पदाधिकारी रणधीर पाण्डेय ने बताया कि यह आयोजन नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हसदेव नदी के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति लगातार नदी संरक्षण के लिए कार्यरत है और इस अभियान से क्षेत्र के अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी एक मजबूत संदेश देगा।