शिक्षक समाज को संस्कारित बनाने में निभाएं अहम भूमिका:उपाध्याय

कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, कोरबा द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर टी.पी. नगर स्थित विश्व सद्भावना भवन में ‘मूल्य निष्ठ समाज निर्माण में शिक्षक की भूमिका’ विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, प्राचार्य बी.आर. बाघमारे, राधारमण श्रीवास, माधुरी अग्रवाल और रूबी मुखर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने कहा कि मूल्यनिष्ठ शिक्षा ही समाज को सशक्त और संस्कारित बना सकती है। उन्होंने शिक्षकों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए उनमें मूल्यों, संस्कारों और नैतिकता के समावेश को अति आवश्यक बताया।

सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का विकास करना भी है।

कार्यक्रम के अंत में बी.के. लीना ने सभी को राजयोग का अभ्यास कराया। मंच का कुशल संचालन शेखर राम सिंह ने किया। इस आयोजन ने शिक्षकों की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया और मूल्य आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।