मिनीमाता बांगो बांध से 32,420 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा गया, बाढ़ नियंत्रण के लिए 4 गेट खोले गए

कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर आज दोपहर 2 बजे 358.10 मीटर और 90.71% क्षमता तक पहुंचने के कारण बाढ़ नियंत्रण के लिए बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं।

मुख्य अभियंता, बिलासपुर और अधीक्षण अभियंता, कोरबा के साथ चर्चा के बाद कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र नीखरा ने बताया कि गेट नंबर 4 और 8 को 0.50 मीटर, जबकि गेट नंबर 5 और 6 को 1.50 मीटर खोलकर कुल 23,420 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, हाइड्रेल पावर प्लांट के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार, बांध से कुल 32,420 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।

गेट दोपहर 2:40 बजे खोले गए। यह कदम बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने और क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को रोकने के लिए उठाया गया है।