बुजुर्ग को बैम्बू पिट वाइपर ने डसा, सूझबूझ से साँप को पकड़ा; RCRS ने जंगल में छोड़ा

कोरबा। जिले के अजगरबहार गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बुजुर्ग को खेत में काम करते समय बैम्बू पिट वाइपर ने डस लिया। अचानक हुए इस हमले के बावजूद बुजुर्ग ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए साँप को सुरक्षित रूप से एक डिब्बे में बंद कर दिया और तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुँचे। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।

घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग अपने खेत में काम कर रहे थे। झाड़ियों के बीच से निकले बैम्बू पिट वाइपर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग ने न केवल अपनी जान बचाई, बल्कि साँप को भी सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि साँप को कोई नुकसान न पहुँचे।

घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू कोरबा रेस्क्यू स्क्वाड (RCRS) की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। संस्था के सदस्य अविनाश, अजय और प्रमोद मौके पर पहुँचे और साँप की पहचान बैम्बू पिट वाइपर के रूप में की। इसके बाद, वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग के एसडीओ आशीष सर के मार्गदर्शन में साँप को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

RCRS ने लोगों से अपील की है कि साँप से संबंधित किसी भी घटना में घबराने के बजाय धैर्य रखें और तुरंत उनकी हेल्पलाइन पर संपर्क करें। संस्था ने कहा, “साँप हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हें मारने के बजाय विशेषज्ञों को सूचित करें ताकि उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जा सके।”

RCRS हेल्पलाइन नंबर: 9827917848, 9009996789, 7987957958

RCRS ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि समय पर सही कदम उठाने से किसी भी अनहोनी को टाला जा सकता है। इस घटना ने न केवल बुजुर्ग की सूझबूझ को उजागर किया, बल्कि साँपों के प्रति जागरूकता और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।