कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में कोरबा के पूजा पंडालों को रजत जयंती थीम और लोगो से सजाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पंडालों में रंगोली प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, प्रदर्शनी और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंगलवार को नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर की पूजा उत्सव समितियों के साथ बैठक कर इस दिशा में आयोजन करने का आग्रह किया। उन्होंने समितियों को शासन द्वारा निर्धारित मानदंडों की जानकारी दी और दिशा-निर्देशों की प्रति उपलब्ध कराई।
आयुक्त ने पंडालों की स्थापना के दौरान पार्किंग व्यवस्था, स्वयंसेवकों की नियुक्ति, परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पंडालों का ढांचा प्रमाणित और मानदंडों के अनुरूप हो, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही, धरना, जुलूस, सभा और रैली जैसे आयोजनों के लिए भी शासकीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई।
यह पहल शहर में उत्सव के माहौल को रजत जयंती के रंग में रंगने के साथ-साथ सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















