एसईसीएल में प्रथम स्थान पर बीएमएस, विजयोत्सव के साथ मजदूरों की दयनीय स्थिति पर जताई चिंता

कोरबा। अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (बीएमएस) ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में सभी क्षेत्रों में प्रथम स्थान हासिल कर विजय का जश्न मनाया। इस अवसर पर आदर्श नगर, इंदिरा स्टेडियम, और कुसमुंडा क्षेत्र में विशाल विजयोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या और अध्यक्षता कोल उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी ने की। विशिष्ट अतिथियों में संजय चौधरी, राधेश्याम जायसवाल, सुजीत सिंह, शोभा सिंह देव, मजरुल हक अंसारी, टिकेश्वर सिंह राठौर, महेंद्र पाल, संजय सिंह, अशोक कुमार सूर्यवंशी, हिरण कुमार चंद्रा, अमिया मिश्रा, रंजय सिंह सहित बीएमएस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्य समिति सदस्य और एसईसीएल के सभी क्षेत्रों के अध्यक्ष, महामंत्री व सदस्य शामिल रहे।

मुख्य वक्ता हिरण्मय पंड्या और के. लक्ष्मा रेड्डी ने कोल इंडिया में मजदूरों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन नई भर्तियां नहीं हो रही हैं। वर्तमान कर्मचारियों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और सुविधाओं में प्रबंधन द्वारा कटौती की जा रही है। ठेका कर्मचारी, जो उत्पादन में 70 प्रतिशत योगदान देते हैं, उन्हें न तो चिकित्सा सुविधा मिल रही है, न उचित वेतन, और न ही सामाजिक सुरक्षा।

नेताओं ने बताया कि बीएमएस कोल इंडिया और निजी कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों की स्थिति सुधारने के लिए प्रयासरत है। अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ चार चरणों में आंदोलन चला रहा है और मजदूर हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम दिखेंगे।