नीलकंठ में ड्रायवरों की गुंडागर्दी, एसईसीएल अधिकारी से मारपीट, 5 आरोपियों पर मामला दर्ज

कोरबा-कुसमुंंडा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कुसमुंंडा परियोजना में नीलकंठ कंपनी के ड्रायवरों द्वारा एक अधिकारी के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

घटना 1 सितंबर को नीलकंठ पैच के व्यू पॉइंट पर हुई, जहां ड्रायवरों ने सहायक खनन प्रबंधक ओमप्रकाश श्रीवास के साथ गाली-गलौच और हाथापाई की। कुसमुंंडा पुलिस ने पांच लोगों लक्ष्मण पटेल, अशोक पटेल, गोविंदा सारथी, राम पटेल और श्रवण पटेल के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बताया गया कि ओमप्रकाश श्रीवास और उप प्रबंधक उज्जवल बनर्जी, महाप्रबंधक के आदेश पर ड्रायवरों से हड़ताल और रोजगार सूची को लेकर बातचीत करने गए थे। इस दौरान ड्रायवरों ने एचपीसी दर के साथ सूची देने की मांग की, जिसे अधिकारी ने अस्वीकार कर दिया।

बातचीत के दौरान लक्ष्मण पटेल ने अभद्र व्यवहार शुरू किया और अन्य ड्रायवरों के साथ मिलकर गाली-गलौच और मारपीट की। अधिकारी को चोटें आईं और खून निकला। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

कुसमुंंडा थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि धारा 121(1), 132, 191(2), 221, 296-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अशांति और अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

इससे पहले भी कुसमुंंडा में भू-विस्थापितों द्वारा रोजगार और मुआवजे को लेकर प्रदर्शन और अभद्रता के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले महीने महिलाओं ने कुसमुंंडा सीजीएम कार्यालय में अर्धनग्न प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई थी।

एसईसीएल में भू-विस्थापितों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के उग्र रवैये से क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है। पुलिस और प्रशासन ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।