नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: कोसाबाड़ी में बेजा कब्जा हटाया, अब बनेगी व्यवस्थित दुकानें

कोरबा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिका निगम कोरबा ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम के तोड़ू दस्ते ने कोसाबाड़ी जोन में गीता देवी अस्पताल के सामने अवैध कब्जों को हटाया।

कई दिनों से इस इलाके में कब्जा धारियों द्वारा सड़क किनारे दुकानें लगाई जा रही थीं, जिससे गंदगी और यातायात की समस्या बढ़ रही थी। निगम ने पहले कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर अंततः निगम को बेदखली करनी पड़ी।

कब्जा हटाकर बनेगी दुकानें

नगर निगम का कहना है कि जहां से कब्जा हटाया गया है, वहां अब नियमित और व्यवस्थित दुकानें बनाई जाएंगी। इसका उद्देश्य है कि व्यापारी को सुविधाजनक स्थान मिले और शहर की सुंदरता भी बनी रहे।

कब्जाधारियों ने किया विरोध

कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जाधारियों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में निगम का ऑपरेशन जारी रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम शहर की सफाई और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए उठाया गया है।