महतारी वंदन योजना के लिए घर-घर सर्वे, दस्तावेज अधूरे या फर्जी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की पुष्टि के लिए अब घर-घर सर्वे किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने साफ कर दिया है कि योजना के तहत किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यदि सर्वे के दौरान लाभार्थी पते पर नहीं मिलती, दस्तावेज अधूरे होते हैं या लाभार्थी की मृत्यु हो चुकी होती है, तो उस मामले की पुनः जांच कर नई रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई:

महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव ने समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि काम में किसी भी स्तर पर चूक पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, सीडीपीओ और डीपीओ तक शामिल होंगे।

नियमित निरीक्षण का आदेश:

अब से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला बाल विकास अधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारी नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे, चाहे वे शहरी हों या ग्रामीण क्षेत्र के।

महतारी वंदन योजना क्या है?

छत्तीसगढ़ सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना विवाहित महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 यानी सालभर में ₹12,000 की आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।