जुड़वां भाई को घोड़ा करैत ने डसा, समय रहते रेस्क्यू और इलाज से बची जान

कोरबा।भुलसीडीह गांव में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां दो जुड़वां भाइयों, मंगल सिंह और वीर सिंह, को खाट पर लेटे हुए बातचीत के दौरान घोड़ा करैत सांप ने काट लिया। पहले डंक को कीड़े का काटना समझकर अनदेखा किया गया, लेकिन दूसरी बार सांप के डसने पर हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत मंगल सिंह को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया और रायपुर कोबरा रेस्क्यू सर्विस (RCRS) टीम को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही RCRS टीम के अध्यक्ष अविनाश यादव, सदस्य सागर और अजय मौके पर पहुंचे। परिवार ने सांप को ढककर रखने की कोशिश की थी, लेकिन वह दूसरे कमरे में चला गया था। टीम ने खोजबीन कर आक्रामक घोड़ा करैत को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि की और मंगल सिंह का तत्काल इलाज शुरू किया। उपचार के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि समय रहते इलाज शुरू होने के कारण मंगल सिंह की स्थिति नियंत्रण में है और उनका इलाज जारी है। इस घटना ने गांव में सनसनी फैला दी, लेकिन RCRS टीम और परिजनों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।