कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के डोंगनाला गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां किसान सत्ते सिंह मरकाम की बाड़ी के पास खेत में थैले में एक नवजात शिशु मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने थैले में नवजात को देखा, जिसके शरीर पर चींटियों और कीड़ों के काटने के निशान थे।
घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब किसान खेत में काम कर रहे थे। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर पास जाकर देखने पर उनके होश उड़ गए। थैले में नवजात को देखते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल 108 वाहन को सूचना दी गई। पाली थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने 108 की मदद से नवजात को पाली स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी अनिल सराफ ने बताया कि नवजात स्वस्थ है और उसका वजन 1 किलो 700 ग्राम है। बच्चे को दूध पिलाया गया और उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि यह किसी “कलयुगी मां” की करतूत हो सकती है, जिसके चलते गांव में भारी आक्रोश है। लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि मामले को दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नवजात की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस तरह की यह गांव में पहली घटना बताई जा रही है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















