यूको बैंक में सेंधमारी की कोशिश नाकाम, चोरों ने तिजोरी तोड़ने के लिए गैस कटर का किया इस्तेमाल

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात यूको बैंक में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन समय रहते उनकी योजना नाकाम हो गई। राहगीरों ने बैंक से धुआं निकलते देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक अधिकारियों को बुलवाकर ताला खुलवाया। जांच में तिजोरी वाले क्षेत्र में गैस सिलेंडर, गैस कटर और वेल्डिंग मशीन बरामद की गई।

खिड़की तोड़कर घुसे चोर

पुलिस जांच से पता चला कि चोरों ने बैंक की खिड़की तोड़कर प्रवेश किया था। अंदर पहुंचते ही उन्होंने तिजोरी को वेल्डिंग मशीन से काटने की कोशिश की। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों की केबल काट दी ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हों। पुलिस का मानना है कि चोरों ने वारदात से पहले रेकी की थी और पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की थी।

जंगली रास्ते से भागे चोर

जांच में सामने आया कि चोर बैंक के पीछे जंगली रास्ते से भागे। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए हैं और डॉग स्क्वाड की मदद से आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बैंक प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज भी लिए गए हैं।

पेशेवर अपराधियों पर शक

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में पेशेवर अपराधियों का हाथ होने की आशंका है। गैस कटर और वेल्डिंग मशीन जैसे उपकरणों का इस्तेमाल और सुनियोजित तरीके से की गई कोशिश यह दर्शाती है कि आरोपियों को इस तरह की वारदातों में महारत हासिल है। बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।