कोरबा।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कोरबा नगर के सामूहिक एकत्रीकरण का आयोजन रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर, बुधवारी में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर संघ के पूर्व प्रचारक और प्रख्यात रामकथा वाचक अतुल कृष्ण महाराज ने कहा कि आरएसएस मातृभूमि को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए कार्यरत है। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 1925 में डॉ. हेडगेवार द्वारा शुरू की गई शाखा आज राष्ट्रभक्ति और समाज जागरण का प्रतीक बन चुकी है।
अतुल कृष्ण महाराज ने भारत को ऋषियों और देवताओं की भूमि बताते हुए छत्तीसगढ़ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का दंडकारण्य क्षेत्र वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान श्रीराम ने अगस्त ऋषि से शस्त्र ज्ञान प्राप्त किया था। सिंहावा क्षेत्र को अगस्त ऋषि की तपोभूमि और शिवनाथ नदी के उद्गम को उनके कमंडल से जोड़ा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदू धर्म ही विश्व शांति और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में विभाग सह संघचालक किशोर बुटोलिया, नगर संघचालक अशोक तिवारी, जिला संघचालक डॉ. विशाल उपाध्याय, जिला कार्यवाह कैलाश नाहक, नगर कार्यवाह मृगेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल संघ की शताब्दी वर्ष की गतिविधियों को रेखांकित करता है, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के प्रति स्वयंसेवकों के संकल्प को भी दर्शाता है। अतुल कृष्ण महाराज के विचारों ने उपस्थित लोगों में जोश और प्रेरणा का संचार किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















