वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 11 लाख की ठगी, महिला ने दर्ज कराई शिकायत

रायपुर।राजधानी रायपुर में वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ऑनलाइन ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने एक महिला को आसान कमाई का लालच देकर उसके और उसके पति के बैंक खातों से कुल 11 लाख 18 हजार 800 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित महिला ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठगी का जाल: छोटे टास्क से शुरूआत, फिर लाखों की उगाही

पीड़िता कनु अवाल, जो बसंत विहार की निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि 14 से 17 मई 2025 के बीच उनके मोबाइल पर एक लिंक आया, जिसमें मीशो ऑनलाइन के जरिए घर बैठे रोजाना 3000 रुपये कमाने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक तथाकथित एनएसई ग्रुप में जोड़ा गया। यहां होटलों को स्टार रेटिंग देने जैसे छोटे-छोटे टास्क देकर शुरुआती दिनों में 1000 से 3000 रुपये उनके खाते में ट्रांसफर किए गए। इससे महिला का भरोसा जीत लिया गया।

इसके बाद ठगों ने पेड टास्क के नाम पर रकम मांगनी शुरू की। पहले 500 से 1000 रुपये निवेश पर 25 प्रतिशत मुनाफा दिखाया गया। धीरे-धीरे रकम बढ़ाकर 75 हजार रुपये तक लगवाए गए। फिर 50 हजार रुपये निवेश करने पर 1.5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया, लेकिन इसके एवज में केवल 30 हजार रुपये ही ट्रांसफर किए गए।

सिविल स्कोर और फर्जी स्क्रीनशॉट का खेल

जब महिला ने बाकी रकम की मांग की, तो ठगों ने बहाना बनाया कि टास्क में गलती और सिविल स्कोर कम होने के कारण अकाउंट फ्रीज हो गया है। इसके बाद दो लाख रुपये जमा करने पर 3.5 लाख रुपये देने का झांसा दिया गया। ठगों ने विश्वास दिलाने के लिए एक नकली ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट भेजा और सिविल स्कोर सुधारने के लिए दो लाख रुपये और मांगे। ठगों ने आडियो-वीडियो क्लिप भी भेजे, जिनमें गहने और महंगी चीजें दिखाकर दावा किया गया कि “हमने भी पैसे लगाए और करोड़ों कमाए।” इस झांसे में आकर महिला ने चार लाख रुपये और ट्रांसफर किए। इसके अलावा, उनके पति संतोष तिवारी के खाते से भी तीन लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

खमतराई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और विभिन्न बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की ठगी के मामले बढ़ रहे हैं और लोगों को ऑनलाइन लिंक या अनजान ग्रुप्स से सावधान रहने की जरूरत है।