“सॉरी बोल” विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट का मामला दर्ज

कोरबा। अभिनेता सनी देओल की फिल्म जाट का मशहूर डायलॉग “सॉरी बोल” कोरबा में एक हिंसक विवाद का कारण बन गया। सीतामणी क्षेत्र में पुरानी बातों को लेकर हुए झगड़े को सुलझाने के लिए “सॉरी बोलने” की बात ने तूल पकड़ लिया, जिसके चलते मारपीट की नौबत आ गई।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी का है। पीड़ित मुकेश कुमार चौहान, जो सीतामणी रेस्ट हाउस के पीछे रहता है और ड्राइवरी का काम करता है, ने बताया कि 29 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे वह श्रीवास मोहल्ला बोरिंग के पास गया था। वहां उसकी मुलाकात चिकू श्रीवास से हुई। दोनों के बीच रात को हुई बहस को खत्म करने के लिए मुकेश ने चिकू से “सॉरी बोल”कर मामला सुलझाने को कहा।

हालांकि, चिकू ने सॉरी बोलने से इनकार कर दिया और उल्टा धमकी देते हुए कहा, “जो करना है कर ले।” इसके बाद चिकू ने गुस्से में आकर अश्लील गालियां दीं और मुकेश को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस हमले में मुकेश की गर्दन और पीठ पर चोटें आईं। घटना के चश्मदीद विक्की श्रीवास और दीनदयाल चौहान ने इसकी पुष्टि की।

मुकेश की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने चिकू श्रीवास के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।