सलखन ग्राम पंचायत में फर्जीवाड़ा, पूर्व सरपंच और सचिव पर लाखों के गबन का आरोप

जांजगीर-चाम्पा।नवागढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलखन में पूर्व सरपंच हेमलता कश्यप और सचिव खेमराज जयकर पर विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये के गबन और आचार संहिता उल्लंघन का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता रामचरित्र भारद्वाज ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।

आचार संहिता के दौरान फर्जी आहरण

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच और सचिव ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024 के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए 15वें वित्त आयोग की राशि का दुरुपयोग किया। बिना अनुमति और बिना कार्य किए लाखों रुपये आहरित किए गए। शिकायत में बताया गया कि हैंडपंप मरम्मत के लिए 3 लाख, नालियों की सफाई के लिए 5 लाख, तालाबों में घाट मरम्मत के लिए 1 लाख, तालाब सफाई के लिए 2 लाख, सार्वजनिक शौचालय मरम्मत और पंचायत व्यवस्था के लिए 2.67 लाख, पशु शेड के लिए 1.48 लाख, और बोर खनन के लिए 1.30 लाख रुपये सहित विभिन्न कार्यों के नाम पर फर्जी तरीके से राशि निकाली गई।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई में देरी

रामचरित्र भारद्वाज ने कहा, “कलेक्टर को लिखित शिकायत देने के बावजूद केवल एक जांच टीम गठित कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इससे पूर्व सरपंच और सचिव के हौसले बुलंद हैं।” दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है, “शिकायत मिली है, मामले की जांच चल रही है, और जल्द ही जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

ग्रामीणों में आक्रोश

यह मामला ग्राम पंचायत सलखन में विकास कार्यों की प्रगति और पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फर्जी बिलों के जरिए राशि का गबन कर पंचायत के विकास को ठप किया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में कब और कैसी कार्रवाई करता है।