8 वर्षीय बालक के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा, चचेरे भाई सहित तीन गिरफ्तार

जांजगीर-चाम्पा।थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम लगरा में 25 अगस्त 2025 को शाम 5 बजे 8 वर्षीय बालक सम्राट के गुम होने की घटना ने सनसनी मचा दी थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण की साजिश का पर्दाफाश किया और मुख्य साजिशकर्ता बालक के चचेरे भाई राहुल टंडन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

25 अगस्त 2025 को ग्राम लगरा में 8 वर्षीय सम्राट अचानक लापता हो गया था। इसकी सूचना पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 264/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि बालक दोपहर 2 बजे तक गांव में देखा गया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस को शक हुआ कि बालक को किसी वाहन या परिचित व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया होगा। सीसीटीवी फुटेज में राहुल टंडन का वाहन टेम्पो ट्रैक्स गामा (सीजी 11 बीएन 0720) उस समय लगातार मूवमेंट में दिखा। पूछताछ में राहुल ने दावा किया कि वह अपने चचेरे भाई सम्राट को पोल्ट्री फार्म ले गया था और फिर उसे घर छोड़ दिया। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और उसके बयानों में विरोधाभास पाए जाने पर कड़ी पूछताछ में राहुल टंडन ने अपराध कबूल लिया।

राहुल टंडन ने खुलासा किया कि सम्राट के पिता से पुराने जमीन विवाद के चलते रंजिश के कारण उसने अपने दोस्तों प्रशांत मैना और उमेश उर्फ ननकी के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची। घटना से सात दिन पहले तीनों ने 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने और राशि को बराबर बांटने की योजना बनाई थी। 25 अगस्त को राहुल ने सम्राट को अपने टेम्पो में सिल्ली पोल्ट्री फार्म ले जाकर नावागांव तालाब के पास छोड़ दिया, जहां प्रशांत और उमेश ने किराए के टेम्पो (सीजी 11 बीएच 3441) से सम्राट को अपहृत कर लिया। इसके बाद वे उसे पेट्रा रोड के जंगल में ले गए। राहुल ने पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन जांजगीर पुलिस की सक्रियता से साजिश का पर्दाफाश हुआ।

पुलिस ने राहुल टंडन, प्रशांत मैना और उमेश उर्फ ननकी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और मामले की गहन जांच जारी है। यह घटना ग्राम लगरा में दहशत का माहौल पैदा कर चुकी है, और स्थानीय लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।