रायपुर।रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब अनारक्षित (जनरल) टिकट लेने के लिए लंबी लाइनों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने टिकटिंग प्रक्रिया को और सुगम बनाने के लिए हाईटेक पहल शुरू की है। डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) ने रायपुर स्टेशन के 5 टीटीई स्टाफ को मोबाइल यूटीएस (अनारक्षित टिकट सिस्टम) उपकरण प्रदान किए हैं, जिसके जरिए टीटीई अब सीधे यात्रियों को टिकट जारी कर सकेंगे।
टिकट काउंटर पर मिलेगी सुविधा
सीनियर डीसीएम (Sr. DCM) अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि यह सुविधा फिलहाल टिकट काउंटर के पास ही उपलब्ध होगी। यात्री ट्रेन के अंदर या प्लेटफॉर्म पर इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकेंगे। मोबाइल यूटीएस उपकरण के माध्यम से टीटीई यात्रियों को त्वरित और सुविधाजनक तरीके से अनारक्षित टिकट प्रदान करेंगे, जिससे समय की बचत होगी और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
अनारक्षित केंद्र का होगा कायाकल्प
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि रेल मंत्रालय से मिले निर्देशों के अनुसार, आने वाले समय में अनारक्षित टिकट केंद्र को आरक्षण केंद्र के साथ मर्ज किया जाएगा। इस कदम से टिकटिंग प्रक्रिया को और एकीकृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, अनारक्षित टिकट केंद्रों की जगह यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटेड टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) स्थापित की जाएंगी, जहां से यात्री स्वयं अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
यात्रियों को मिलेगा लाभ
यह नई व्यवस्था यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। मोबाइल यूटीएस और एटीवीएम मशीनों के जरिए टिकट लेना न केवल समय बचाएगा, बल्कि टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ को भी कम करेगा। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यह पहल रेलवे की डिजिटल और यात्री-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रायपुर रेलवे स्टेशन की इस हाईटेक सुविधा से न केवल स्थानीय यात्रियों को लाभ होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की राजधानी में आने वाले अन्य यात्रियों के लिए भी रेल यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















