कोरबा।छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने पशु चिकित्सा विभाग में कथित पशु औषधि खरीदी घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने शराब घोटाले की तर्ज पर पशु औषधि, वैक्सीन और फीड सप्लीमेंट की खरीदी में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा करने के लिए संचालक, पशु चिकित्सा विभाग को शिकायत पत्र लिखा है। इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने एक जांच टीम गठित की है, जिसे एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
ननकी राम कंवर ने अपने पत्र में दावा किया है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल से लेकर वर्तमान समय तक पशु चिकित्सा विभाग में पशुओं के उपचार के लिए उपयोग होने वाली औषधियों, वैक्सीन और फीड सप्लीमेंट की खरीदी में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भंडार क्रय नियमों का उल्लंघन करते हुए जिला और राज्य स्तर पर 10% दवाइयों की खरीदी दिखाकर 100% दवाइयों का फर्जी भुगतान डीलरों के साथ सांठगांठ कर किया जाता है। दवाइयों की खरीदी डीलरों के माध्यम से नियम-विरुद्ध तरीके से की जाती है, जबकि निर्माता कंपनियों से सीधे खरीदी नहीं होती। इससे अरबों रुपये के घोटाले की संभावना जताई जा रही है।
कंवर ने मांग की है कि पशु औषधि की खरीदी निर्माता कंपनियों से निविदा के आधार पर की जाए ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके और गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित हो। उन्होंने फर्जी बिलों के आधार पर भुगतान करने वाले डीलरों, जिला और राज्य स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
संचालक, पशु चिकित्सा विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इस कथित घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह मामला छत्तीसगढ़ में पशु चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाता है, जिसका असर पशुपालकों और किसानों पर पड़ सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















