रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अंबिकापुर में लगातार बारिश के कारण शहर जलभराव की चपेट में है, वहीं बस्तर में बाढ़ के चलते नेशनल हाईवे 30 बंद हो गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
अंबिकापुर: मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले में पानी, ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल
अंबिकापुर में भारी बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी है। गांधी चौक स्थित प्रदेश के नए मंत्री राजेश अग्रवाल के शासकीय निवास में भी पानी लबालब भर गया है। नगर निगम की टीमें मोटर पंप लगाकर बंंगले से पानी निकालने में जुटी हैं, लेकिन शहरवासियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। आम लोगों से लेकर व्यापारी तक जलभराव से परेशान हैं और नगर निगम की लचर व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। सड़कों, गलियों और घरों में पानी जमा होने से आवागमन ठप हो गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
बस्तर: नेशनल हाईवे 30 पर आवागमन ठप
बस्तर संभाग में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। जगदलपुर से सुकमा को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 30 बाढ़ के कारण बंद हो गया है। झीरम नाला उफान पर है और सड़क से करीब 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, कोंडागांव और बस्तर जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने, बादल गरजने और आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो प्रेशर एरिया के कारण छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















