बेटे ने कुल्हाड़ी से मां की हत्या कर शव के टुकड़े किए, गाना गाते हुए पास बैठा रहा आरोपी

जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बेदरभद्रा बस्ती में जीत राम यादव नामक युवक ने अपनी मां गुल बाई की कुल्हाड़ी से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

हत्या के बाद उसने शव को कई टुकड़ों में काट दिया और पास बैठकर गाना गाने लगा। इस भयावह दृश्य ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी जीत राम कुल्हाड़ी लेकर आक्रामक रवैया अपनाए हुए था और किसी को पास नहीं आने दे रहा था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जीत राम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

परिजनों के अनुसार, वह कुछ समय पहले केरल में काम करता था, जहां से उसकी मानसिक हालत बिगड़ने लगी थी। दो दिन पहले ही उसे कुनकुरी वापस बुलाया गया था।

जशपुर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि हत्या के बाद का दृश्य अत्यंत विभत्स था।

आरोपी की आक्रामकता के कारण उसे पकड़ने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। प्रथम दृष्टया युवक की मानसिक अस्थिरता सामने आई है, क्योंकि वह हत्या के बाद गाना गा रहा था।

एसपी ने कहा कि मानसिक स्थिति, नशे की संभावना और पारिवारिक विवाद जैसे सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घटना के समय घर में मौजूद अन्य परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस वारदात ने स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।