गेवरा मेगा माइंस में कोयला चोरी का भंडाफोड़, सीआईएसएफ ने 8 चोरों को दबोचा

कोरबा।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा मेगा माइंस में कोयला चोरी का गोरखधंधा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह सीआईएसएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भठोरा एरिया, भिलाईबाजार के पास 8 चोरों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सैकड़ों किलो कोयला, खनन में उपयोग होने वाली गैती, चार साइकिलें और अन्य सामान जब्त किया गया।

सीआईएसएफ को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि गेवरा माइंस के इस क्षेत्र में कोयला चोर सक्रिय हैं, जो संगठित रूप से कोयला चुराकर साइकिलों के जरिए आसपास के इलाकों में बड़े गिरोहों को सप्लाई करते हैं। इस गतिविधि से प्रबंधन को भारी नुकसान हो रहा है।

मंगलवार सुबह 7:20 बजे सीआईएसएफ ने एंबुस लगाकर कार्रवाई की और 8 लोगों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में भिलाईबाजार निवासी हरप्रसाद (51), हुलेश्वर साहू (42), रवि यादव (37), पवन कुर्रे (40), संजय लाल (35), गंगदेई निवासी रामफल यादव (37), गोपाल सिंह (25) और घनश्याम यादव (35) शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से कोयला चोरी में शामिल हैं और पहली बार पकड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ कोयला घरेलू उपयोग के लिए रखा जाता था, जबकि बाकी को बड़े गिरोहों को बेच दिया जाता था। क्षेत्र में कई लोग इस अवैध काम में शामिल हैं और इसे सामान्य प्रक्रिया मानते हैं।

सीआईएसएफ ने जब्त सामान और पकड़े गए लोगों को दीपका पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने गेवरा माइंस में कोयला चोरी के बढ़ते मामलों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, और प्रबंधन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।