कोरबा।पाली क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बीच कोयला खदान क्षेत्र में हुए रोहित जायसवाल हत्याकांड ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरीं। इस मामले में सोमवार को न्यायालय में दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के बीच तीखी जिरह हुई, जिसके बाद 7 आरोपियों ने आत्मसमर्पण किया और उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटना 28 मार्च 2025 की रात 10 से 11 बजे के बीच पाली ब्लॉक के सरायपाली उपक्षेत्र में संचालित एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की कोयला खदान में हुई। कोयला लोडिंग को लेकर हुए विवाद में कोल लिफ्टर रोहित जायसवाल पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। मृतक के भाई अनिल जायसवाल की शिकायत पर रोशन सिंह ठाकुर सहित 16 लोगों के खिलाफ पाली थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। दूसरी ओर, रोशन सिंह ठाकुर की पत्नी संध्या ठाकुर ने रोहित के परिजनों और परिचितों के खिलाफ तोड़फोड़, आगजनी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया।
दर्ज प्रकरण में राहुल जायसवाल उर्फ अंकुश जायसवाल, कन्हैया जायसवाल उर्फ कृष्ण कुमार, अनिल कुमार जायसवाल, धर्मराज मरावी उर्फ धरमू मरावी (चश्मदीद), राजेश डोंगरे (प्रत्यक्षदर्शी) सहित अन्य को आरोपी बनाया गया। गैर जमानती धाराओं के तहत दर्ज इस मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच सोमवार को 7 आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
न्यायालय में दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने अपने-अपने तर्क रखे। एक पक्ष ने रोहित के परिजनों और अन्य के खिलाफ दर्ज धाराओं में गिरफ्तारी पर जोर दिया, जबकि बचाव पक्ष ने अपनी दलीलें पेश कीं। दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सभी आरोपियों के जेल वारंट जारी किए गए और उन्हें कटघोरा उपजेल में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















