कोरबा।दीपका थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा गांव में दीपका पुलिस ने नशामुक्ति के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को शराबबंदी के प्रति जागरूक किया और गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
जागरूकता रैली और समिति गठन
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत गांव में ग्राम रक्षा समिति और महिला समिति का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस की अगुवाई में ग्रामीणों और महिला समिति ने पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली में महिलाएं और युवा “शराब छोड़ो, परिवार बचाओ” और “नशामुक्त गांव, खुशहाल जीवन” जैसे नारे लगाते हुए नजर आए, जिससे गांव में उत्साह और संकल्प का माहौल बना।
शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शराब बेचने या बनाने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस ने गांव के बाहर शराब बेचते हुए आरोपी रमेश, पिता चिंता राम श्याम (35 वर्ष), निवासी तीवरता को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है। साथ ही, शराब से संबंधित शिकायतों पर सात अन्य लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का मिला समर्थन
इस पहल से उत्साहित ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और नोनबिर्रा को नशामुक्त गांव बनाने का संकल्प लिया। इस अभियान ने गांव में नशे के खिलाफ एकजुटता और जागरूकता को बढ़ावा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के प्रयास उनके परिवार और समाज की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

