कोरबा।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल कोरबा में लगातार जारी है। बारिश के बावजूद कर्मचारी धरना स्थल पर डटे रहे और नारेबाजी व उद्बोधन के माध्यम से अपनी मांगों को बुलंद किया। शनिवार को आंदोलनरत कर्मचारियों ने पीला वस्त्र धारण कर कोरोना काल में दिवंगत हुए सहयोगियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और गंभीर बीमारी से जूझ रहे कर्मचारियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
धरना स्थल पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मां सरस्वती और भारत माता की पूजा-अर्चना कर सद्बुद्धि की प्रार्थना की गई। कर्मचारियों ने भजन, कीर्तन और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, साथ ही दिवंगत सहयोगियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कर्मचारी नेताओं ने मंच से संबोधित करते हुए अपनी मांगों को न्यायोचित ठहराया और कहा कि उनकी मांगें कर्मचारियों के हित में हैं।
कार्यकारिणी अध्यक्ष ने आंदोलन की भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा की और कर्मचारियों को एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
