अवैध शराब निर्माण पर रेड: शंकर खड़िया सहित 12 गिरफ्तार, मारपीट और तोड़फोड़ का मामला दर्ज

कोरबा।उरगा थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग की रेड के दौरान हिंसक घटना सामने आई है। दिनांक 19 अगस्त 2025 को सुबह 9 बजे ग्राम आमापाली में शंकर खड़िया के घर पर आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की थी।

इस दौरान शंकर खड़िया और उनके परिजनों व रिश्तेदारों ने रेड का विरोध करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली, गाली-गलौज की, विभाग के वाहन में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई।

आबकारी कार्यालय कोरबा के कर्मचारी नारायण सिंह कंवर की लिखित शिकायत पर उरगा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 221, 132, 121(1), 324(2), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पुरुष (शंकर खड़िया) सहित 11 महिलाओं को विधिवत गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस और आबकारी विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अवैध शराब के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

यह घटना जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी कार्रवाई का हिस्सा है।