कोल इंडिया मुख्यालय में 15 सितंबर को पेंशनर्स और अधिकारियों का धरना-प्रदर्शन

कोरबा। जिले में ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल पेंशनर्स और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल एक्जीक्यूटिव्स ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। दोनों संगठनों के सदस्य 15 सितंबर को कोल इंडिया मुख्यालय में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय एक ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल पेंशनर्स और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ कोल एक्जीक्यूटिव्स के संयोजक पीके सिंह राठौर ने कहा कि प्रबंधन की उदासीनता और वादाखिलाफी के कारण पेंशनर्स और अधिकारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगें कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित हैं। राठौर ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

कोयला अधिकारी संगठन और पेंशनर संघ का कहना है कि प्रबंधन उनकी मांगों और समस्याओं का समाधान करने में लगातार विफल रहा है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। संगठनों की प्रमुख मांगों में शामिल हैं:

अधिकारियों और वेतन बोर्ड कर्मचारियों के बीच वेतन विवाद का त्वरित समाधान।

सीपीआरएमएस (कॉन्ट्रीब्यूटरी पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकेयर स्कीम) का समान रूप से क्रियान्वयन

कंपनी डॉक्टर की रेफरल अनिवार्यता को हटाना।

दोनों संगठनों ने स्पष्ट किया कि यह धरना-प्रदर्शन उनकी मांगों को प्रबंधन तक पहुंचाने का पहला कदम है। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो भविष्य में और बड़े पैमाने पर आंदोलन की योजना बनाई जाएगी। संगठनों ने प्रबंधन से आग्रह किया है कि वह उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करे और समयबद्ध तरीके से समाधान निकाले।