प्रेम प्रसंग के चलते चाची की हत्या, भतीजे ने पहाड़ पर उतारा मौत के घाट

कोरबा । जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर में 35 वर्षीय नंदबाई की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस अंधे कत्ल का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका का रिश्ते का भतीजा सुरेंद्र कुमार पोर्ते (20 वर्ष) निकला, जिसने प्रेम संबंधों के विवाद में अपनी चाची को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, नंदबाई (35 वर्ष) रविवार दोपहर करीब 3 बजे धान का थरहा लेने के बहाने घर से निकली थी। कई घंटे बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। सोमवार दोपहर को मानगुरु जंगल के पहाड़ पर नंदबाई की लाश मिली। शव पर सिर, पीठ, दोनों हाथ और पैरों पर चोट के निशान और खून के धब्बे पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हुआ।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा से वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. राजश्री सिंह, प्रधान आरक्षक हेमंत चौहान और आरक्षक राजेश कुमार चंद्रा ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

आवश्यक साक्ष्य और प्रदर्श संकलित कर एफएसएल परीक्षण के लिए भेजे गए। पोस्टमॉर्टम के लिए भी निर्देश दिए गए।

पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के भतीजे सुरेंद्र कुमार पोर्ते को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नंदबाई और सुरेंद्र के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे, जिसमें कई बार शारीरिक संबंध भी बने। हाल ही में सुरेंद्र ने किसी अन्य युवती से प्रेम शुरू किया और उससे शादी की तैयारी कर रहा था।

यह बात नंदबाई को स्वीकार नहीं थी, और उसने सुरेंद्र पर दबाव बनाया कि वह केवल उसी के साथ रहे। इस दबाव और लगातार विवाद से तंग आकर सुरेंद्र ने नंदबाई को मानगुरु के पहाड़ पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।

आरोपी के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कटघोरा पुलिस ने इस मामले को तेजी से सुलझाने के लिए त्वरित कार्रवाई की, जिसकी सराहना की जा रही है।