नकटीखार-गोढ़ी मार्ग पर मिली अज्ञात लाश की पहचान, सूअर मार तार से मौत की आशंका

कोरबा।  नकटीखार-गोढ़ी मार्ग पर नकटीखार के निकट मंगलवार, 19 अगस्त को मुख्य सड़क से 40-50 मीटर दूर एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त का प्रयास किया और पंचनामा के बाद शव को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया। बुधवार को मृतक की पहचान जांजगीर-चाम्पा जिले के ग्राम खिसोरा के निवासी विष्णु के रूप में हुई। गुरुवार को परिजन कोरबा पहुंचे, जिन्हें पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया के बाद शव सौंप दिया जाएगा।

युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसके लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक की जान सूअर मारने के लिए बिछाए गए तार के संपर्क में आने से हो सकती है।

घटनास्थल पर सुअरों को पकड़ने के लिए रखा गया वेस्टेज भोजन और बिछा हुआ तार मिला, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया है।

पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या मृतक विष्णु सूअर मारने वालों का साथी था या वह अनजाने में इस तार के संपर्क में आकर शिकार हो गया। सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, और रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारण का पता चलेगा। परिजनों के बयान और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।